Sunday, 22 December 2024

  प्रथम किरण 


सूर्य की प्रथम किरण 

हृदय अंतःस्थल की ओर,

आलोकित करने को उद्यत 

तिमिरपूरित पोर-पोर,

है क्षमता उस किरण की 

मन आनंदित होने की ओर,

सुनाई दिया वह कंपन

विद्युत झंकृत 

चपला चंचल चहुँ ओर,

मन प्रसन्न हुआ जो था

अंधेरे के मानिंद खामोश,

जागी एक आशा जब 

पहुँची किरण हृदय छोर,

मन आलोकित-तन आलोकित 

पश्चात-पग-मध्याह्न-छोर। 


सुखवीर सिंह 

 

        तुम 


ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ, 

दीदार जब तुम्हारा हो 

होश नहीं रख पाता हूँ। 


रास्तों पर चलते ही 

तुम्हारा ख़्याल आता है,

मिल जाओ गर तुम 

स्थिर नहीं रह पाता हूँ,

ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ। 


परिचय क्या है तुम्हारा 

कभी जान ना पाया,

मिलती मगर जब तुम 

पूछ भी नहीं पाता हूँ,

ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ।


गुफ्तगू की संभावना नहीं 

साथ कोई और तुम्हारे,

रोकता हूँ ख़ुद को 

संभल नहीं पाता हूँ,

ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ।


तुम्हारे ज़ुल्फों की खुशबू 

तुम्हारे लबों की लाली, औ

हसीन आँखों में डूबने से 

रोक नहीं पाता हूँ,

ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ।


एक और दीदार को 

दिन-दिन गिन रहा हूँ, 

शायद मिल भी जाओ तुम 

हिलोरें संभाल नहीं पाता हूँ,

ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ।


ख़ुद को बहकने से 

रोक नहीं पाता हूँ, 

दीदार जब तुम्हारा हो 

होश नहीं रख पाता हूँ।


सुखवीर सिंह 




         दौर 


एक दौर ऐसा आ गया,

कुछ मामला ऐसा हुआ।

बात कुछ बन रही,

वातावरण कुछ बदल रहा।


गिले-शिकवे भूल जाना,

प्यार कुछ जता जाना।

तड़प कर एक बार,

फिर गले से लग जाना।


अंधेरी रात है काली,

सुबह की लाली दूर अभी।

हवा का झोंका ज़हरीला अभी,

समय की नाव जर्जर अभी।


दीपक जला लो तुम अभी,

थोड़ी साँस भर लो तुम अभी।

उम्मीद का फुहारा बरसेगा,

सुबह होगी ज़रूर अभी।


रास्ते की तलाश करते अभी,

बहुत सी निगाहें उठती अभी।

दौर आएगा बदलते करवट,

कौन कहाँ थका है अभी?


सुखवीर सिंह 

 मोहब्बत की कहानी लगती हो 



तुम गैर के बाहों में समाई हुई,

कभी-कभी अपनी सी लगती हो।

जमींदोज हुए लफ़्ज़ों की मानिंद,

मोहब्बत की कहानी लगती हो।



करके मोहब्बत तुमसे मैंने,

दरिया-ए-इश्क़ को पार किया।

डूब कर जब पार होता हूँ,

समसायों सी दूर लगती हो,

मोहब्बत की कहानी लगती हो।



दिन तो बीत जाते मेरे,

रातें तो भारी लगती हैं।

तशहीर का खिलौना बनना नहीं,

तुम मदारी ही तो लगती हो,

मोहब्बत की कहानी लगती हो।



आरिज़ की लाली लबों का मुस्काना,

फनकारों की फनकार तुम्हें माना।

पलकें तुम्हारी झुकती जब,

हूरों की हूर तुम लगती हो,

मोहब्बत की कहानी लगती हो।



अपने गुलशन की रानी तुम,

माली भी न मुझे दिया बनने।

कुछ कलियाँ चुनने की ख्वाहिश,

तुम ज़ालिम बेग़म लगती हो,

मोहब्बत की कहानी लगती हो।


सुखवीर सिंह